हरियाणा कैबिनेट की अहम बैठक आज: 50 हजार करोड़ के निवेश, अमित शाह के दौरे और रोडवेज हड़ताल पर होगी चर्चा
हरियाणा कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है। यह बैठक हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल स्थित मुख्य कक्ष में होगी, जिसमें सभी कैबिनेट मंत्री और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को चर्चा और मंजूरी के लिए पटल पर रखा जाएगा। मुख्य फोकस मुख्यमंत्री के हालिया गुजरात दौरे के दौरान मिले भारी-भरकम निवेश प्रस्तावों पर रहने की संभावना है। गुजरात दौरे पर निवेशकों से 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें डिफेंस, रियल एस्टेट और ऑयल-गैस क्षेत्र में 25 हजार करोड़ रुपए, एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में 1,400 करोड़ तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 2,900 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। दौरे के पहले ही दिन करीब 12 हजार करोड़ रुपए के एमओयू (MoU) साइन किए गए थे।
5 नवंबर की दोहरी चुनौती पर मंथन निवेश के अलावा, 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे और इसी दिन प्रस्तावित रोडवेज कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल को लेकर भी यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।
1.png)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा पहुंचेंगे, जहां वे करनाल में भाजपा की 'प्रजातंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे और उसके बाद अंबाला में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहीं, दूसरी ओर रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 2 दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में सरकार के सामने अमित शाह के वीआईपी दौरे की तैयारियों के साथ-साथ हड़ताल से निपटने की बड़ी चुनौती होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री अनिल विज इन दोनों स्थितियों से निपटने के लिए तैयारियों का बारीकी से जायजा ले रहे हैं।


