शादी की शॉपिंग के बीच गायब हुए अडानी रियल्टी के मैनेजर का मर्डर

शादी की शॉपिंग के बीच गायब हुए अडानी रियल्टी के मैनेजर का मर्डर

गुरुग्राम के सेक्टर-70 स्थित नाले से मिले शव की शिनाख्त दिल्ली के सरिता विहार निवासी युवराज सिंह मनचंदा के रूप में हुई है। युवराज गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित अडानी रियल्टी में बतौर मैनेजर कार्यरत थे और इसी साल उनकी शादी होने वाली थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने युवराज की पूर्व सहकर्मी आन्या वत्स और उसके लिव-इन पार्टनर संयम सचदेवा को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है।

अदालत ने दोनों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

शादी की शॉपिंग से गायब होने तक का घटनाक्रम

  • 6 सितंबर को निकले थे घर से: युवराज अपनी बहन के साथ लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट में शादी की खरीदारी करने गए थे। शाम करीब 4 बजे बहन को यह कहकर निकले कि गुरुग्राम में मीटिंग है और रात 10 बजे तक लौट आएंगे।

  • फोन हुआ बंद: रात तक घर न लौटने और मोबाइल बंद आने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। 11 सितंबर को बहन हरसिमरन ने लाजपत नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

  • सीडीआर से खुला राज: कॉल डिटेल (CDR) से सामने आया कि युवराज की आखिरी बातचीत पूर्व सहकर्मी आन्या से हुई थी।

वारदात: पैसे का विवाद, गोली मारकर 7 घंटे कार में घुमाया शव पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पैसों के लेनदेन को लेकर युवराज से तीखी बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने युवराज की गर्दन में दो गोलियां मार दीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

  • हत्या के बाद दोनों घबरा गए और शव को करीब 7 घंटे तक अपनी क्रेटा कार में रखकर ठिकाने लगाने की जगह तलाशते रहे।

  • अंत में शव को गुरुग्राम सेक्टर-70 के एक नाले में फेंक दिया और नया सिम कार्ड खरीदकर उत्तराखंड फरार हो गए।

नौकरी से निकाले जाने और पैसों का विवाद जांच में सामने आया कि युवराज और आन्या पहले एमार (Emaar) कंपनी में साथ काम करते थे। 2022 में वित्तीय अनियमितताओं के चलते कंपनी ने आन्या को निकाल दिया था। इसके बाद से ही दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर तनाव चल रहा था। परिवार का आरोप है कि आन्या लगातार युवराज पर दबाव बना रही थी और घटना वाले दिन भी उसी ने फोन कर बुलाया था।

दिल्ली पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Related Posts