गोल्फ कोर्स रोड हिट-एंड-रन केस: क्लब से टक्कर तक की टाइमलाइन आई सामने, दोनों आरोपी भेजे गए जेल

गोल्फ कोर्स रोड हिट-एंड-रन केस: क्लब से टक्कर तक की टाइमलाइन आई सामने, दोनों आरोपी भेजे गए जेल

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पक्ष के वकील ललित बिंदल के अनुसार मामले की अगली सुनवाई 1 अक्टूबर 2026 को होगी।

वहीं, मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) की तफ्तीश में रविवार (13 सितंबर) की सुबह हुई इस घटना से जुड़ी कई अहम कड़ियां सामने आई हैं।

नाइट क्लब से टक्कर तक की पूरी टाइमलाइन

  • रात 03:05 बजे: आरोपी कल्याण बैंसला अपने चचेरे भाई लवनीश और दो दोस्तों के साथ एमजी रोड स्थित 'दी एम्पायर क्लब' पहुंचा और 'अरेबियन नाइट्स' इवेंट में शामिल हुआ।

  • सुबह 06:04 बजे: आरोपी सुबह तक क्लब में मौजूद रहे और 6 बजकर 4 मिनट पर बाहर निकले।

  • सुबह 06:15 बजे: आरोपियों के निकलने के 11 मिनट बाद क्लब को निर्धारित समय से पहले बंद कर दिया गया।

  • सुबह 06:40 बजे: सेक्टर 53 मेट्रो स्टेशन के पास आरोपियों की कार (मारुति सियाज) का सामना सिया और उनके साथियों से हुआ। पूछताछ में सामने आया कि बगल वाली सीट पर बैठे लवनीश के उकसाने पर कल्याण ने लगभग 2 किलोमीटर तक बाइकर का पीछा किया और फब्तियां कसीं।

  • सुबह 07:00 बजे: पीछा करने के बाद तेज रफ्तार कार से सिया की स्पोर्ट्स बाइक को साइड से टक्कर मार दी गई।

जांच और सबूत जुटाने में जुटी पुलिस

  • एक्शन कैमरा फुटेज: पीड़िता के हेलमेट और बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

  • फॉरेंसिक और मेडिकल जांच: मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला के ब्लड और यूरिन सैंपल लैब भेजे गए हैं ताकि शराब के सेवन की कानूनी पुष्टि हो सके। कार में मौजूद बाकी दो दोस्तों को भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है।

  • सीन रीक्रिएशन व मैपिंग: एसआईटी ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट कर कार की गति, रूट और मोबाइल लोकेशन का मिलान किया है।

क्लब प्रबंधन के अनुसार उनके पास सुबह 7 बजे तक संचालन की वैध अनुमति है और उन्होंने जांच टीम को सीसीटीवी फुटेज व जरूरी दस्तावेज सौंप दिए हैं।

 

Related Posts