स्वतंत्रता दिवस पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
अमृतसर, 15 अगस्त 2026 ( ) – देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अमृतसर में पूरे उत्साह, जोश और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी, सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रोजगार सृजन एवं प्रशिक्षण, उद्योग एवं वाणिज्य तथा निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने निभाई।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के लिए चले विभिन्न आंदोलनों तथा शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, शहीद राजगुरु, शहीद सुखदेव, सरदार करतार सिंह सराभा, शहीद ऊधम सिंह, मदन लाल ढींगरा, लाला लाजपत राय, दीवान सिंह कालेपानी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा समय-समय पर किए गए संघर्षों के कारण ही आज हम एक स्वतंत्र देश के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पंजाबियों ने सबसे अधिक कुर्बानियां दीं।
उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने अपने पद की शपथ शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में ही ली थी तथा सरकारी कार्यालयों में शहीद भगत सिंह और संविधान निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाई गई हैं। सरकार के प्रयासों से मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया और शहीद-ए-आजम की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने और लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ देने के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार ने कई क्रांतिकारी फैसले लागू किए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अनेक जनहितैषी योजनाएं और नीतियां शुरू की गई हैं।
कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि हमारी सरकार सैनिकों, शहीदों के परिवारों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए दृढ़ संकल्पित है। पंजाब सरकार ने शहीद सैनिकों के वारिसों के लिए एक्स-ग्रेशिया राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी है। इस वित्तीय सहायता योजना के तहत अग्निवीरों को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य और देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को भी एक-एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया है। धार्मिक सैनिकों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रति माह कर दी गई है।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी हमारा गौरव हैं। हमारी सरकार ने राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों या उनके वारिसों को मिलने वाली पेंशन 9,400 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये कर दी है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वारिसों के लिए पंजाब सरकार की सीधी भर्ती में 1 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार, नई एंबुलेंस, मुफ्त बिजली, ईजी रजिस्ट्री, आजादी के बाद पहली बार पंजाब के सभी गांवों के छप्पड़ों और तालाबों की सफाई, टेलों तक पानी पहुंचाना, नशों के खिलाफ अभियान, भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम, ग्रामीण खेल मैदानों का निर्माण, खिलाड़ियों को नौकरी और बड़े खेल मुकाबलों से पहले तैयारी भत्ता देना, सभी के लिए 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा तथा उद्योगों के विकास के लिए उद्योगपतियों की समितियों का गठन ऐसे फैसले हैं, जिनसे पंजाब विकास की नई इबारत लिखने की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और पीरों की धरती है तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार आने वाली पीढ़ियों को इस समृद्ध विरासत से परिचित करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित वर्षभर चलने वाले समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए बजट में 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के महान जीवन, दर्शन और पवित्र बाणी के अध्ययन के लिए जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां में श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र भी विकसित किया जा रहा है। यह केंद्र 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में बनाया जाएगा और इसकी कुल लागत 37 करोड़ रुपये होगी।
उन्होंने कहा कि वर्षभर चलने वाले समारोहों के तहत पंजाब में 650 एकड़ भूमि पर गुरु रविदास जी की बग़ीचियां स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा 6 लाख 50 हजार पौधे लगाने और 6 लाख 50 हजार स्मृति झंडे वितरित करने का अभियान भी चलाया जा रहा है। श्री अरोड़ा ने कहा कि अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से श्री खुरालगढ़ साहिब तक चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन समारोहों के तहत 50 मोबाइल वैन भी सभी जिलों के 13,000 गांवों में गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाने के लिए जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा करते हुए हमारी सरकार ने अप्रैल 2022 से अब तक विभिन्न विभागों में 69 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा अप्रैल 2022 से 30 जून 2026 तक 7,225 रोजगार मेले लगाए गए, जिनके माध्यम से 4,03,794 उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। वहीं स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2,05,085 उम्मीदवारों के बैंक ऋण स्वीकृत करवाए गए। पंजाब कौशल विकास योजना के तहत 10,542 उम्मीदवारों को कुशल बनाया गया और 876 उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। पंजाब कौशल विकास मिशन द्वारा चार वर्षों में 1,24,197 उम्मीदवारों को प्रशिक्षण दिया गया तथा 61,267 उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “पंजाब शिक्षा क्रांति” के तहत शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए गए हैं। पंजाब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), उद्यमिता और नशा रोकथाम संबंधी पाठ्यक्रम को स्कूलों में लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने केरल जैसे राज्य को पीछे छोड़ते हुए देशभर में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है। अजनाला क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सरकारी डिग्री कॉलेज की नींव रखी गई है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव मल्लियां में 15 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी बहु-तकनीकी कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” शुरू की गई है, जिसके तहत 900 से अधिक सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके साथ पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां पात्र 65 लाख परिवारों को प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। जिला अमृतसर में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 2,83,762 कार्ड बनाए जा चुके हैं। 24,257 लाभार्थियों ने अपना इलाज करवाया है, जिस पर 98 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक खर्च आया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए 1,090 आम आदमी क्लीनिकों में 6 करोड़ से अधिक लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ लिया है। आम आदमी क्लीनिकों में मरीजों को 107 प्रकार की दवाइयां और 47 प्रकार के डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त उपलब्ध करवाए जाते हैं। इसके अलावा पंजाब की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को 354 प्रकार की आवश्यक दवाइयां बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि जिला अमृतसर में 93 आम आदमी क्लीनिक चल रहे हैं और 52 अन्य आम आदमी क्लीनिक जल्द खोले जा रहे हैं। अब तक 52,95,989 लोग इन क्लीनिकों में इलाज करवा चुके हैं।
कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने महिलाओं के सम्मान और गरिमा के लिए “मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना” शुरू की है। इस योजना के तहत अब तक 74.59 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, जबकि 1 अगस्त 2026 तक 65.62 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,274.42 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जमा की जा चुकी है। इस योजना के लिए पंजाब सरकार द्वारा 9,300 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती और आवागमन को और सुगम बनाने के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के तहत चालू वित्त वर्ष के दौरान अब तक 298 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घरेलू उपयोग के लिए प्रति माह 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है, जिसके कारण लगभग 90 प्रतिशत से अधिक घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। किसानों को भी मुफ्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधारों के तहत पंजाबवासियों को उनके घरों पर 437 नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए ‘भगवंत मान सरकार आपके द्वार’ योजना शुरू की गई है। अब नागरिक घर बैठे 1076 हेल्पलाइन पर कॉल करके 437 नागरिक सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। 1.17 लाख पेंशनरों को उनके घरों से ही जीवन प्रमाण पत्र और ई-केवाईसी जमा करवाने की सुविधा दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए शुरू की गई ‘रंगला पंजाब विकास योजना’ का बजट 2025-26 के 585 करोड़ रुपये से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 के लिए 1,170 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पेयजल, स्वच्छता और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अंत में उन्होंने भारत के सभी महान शहीदों को कोटि-कोटि नमन करते हुए पंजाब और देश की खुशहाली एवं प्रगति की कामना की। उन्होंने सभी पंजाबियों से आह्वान किया कि आइए, हम सभी मिलकर अपने प्यारे राज्य को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए प्रयास करें।
इसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान परेड कमांडर एसीपी गगनदीप सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस, पंजाब महिला पुलिस, पंजाब होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स, पंजाब पुलिस तथा स्कूली विद्यार्थियों की बैंड टीमों द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं पंजाबी संस्कृति को प्रदर्शित करता शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री अमन अरोड़ा द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों, वीर नारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा जरूरतमंदों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा को श्री दरबार साहिब का मॉडल और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र अजनाला के विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर केंद्रीय के विधायक डॉ. अजय गुप्ता, अमृतसर पश्चिमी के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, अमृतसर पूर्वी की विधायक मैडम जीवनजोत कौर, अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, विधानसभा क्षेत्र अटारी के विधायक स. जसविंदर सिंह रामदास, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती जतिंदर कौर, नगर निगम अमृतसर के मेयर श्री जतिंदर सिंह मोती भाटिया, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन श्री गुरप्रताप सिंह संधू, डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर श्री हरमनबीर सिंह गिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) श्री रुपिंदरपाल सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) श्री सुरिंदर सिंह, एसडीएम अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया, एसडीएम अमृतसर-2 स. गुरमंदर सिंह, सहायक कमिश्नर (जनरल) श्रीमती प्रगति सेठी, चेयरमैन श्री सतपाल सोखी, पूर्व मंत्री बीबी लक्ष्मीकांता चावला, पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन स. गुरशरण सिंह छीना, चेयरमैन पनसप श्री प्रभबीर सिंह बराड़, श्री जसकरण बंदेशा, श्री रविंदर हंस, जिला प्रधान आम आदमी पार्टी स. सरबजोत सिंह धंजल, लोकसभा क्षेत्र इंचार्ज स. जरनैल सिंह ढोट, पंजाब राज्य ट्रेड कमिशन के राज्य सदस्य श्री शीतल जुनेजा सहित अन्य नेता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


