गैंगस्टरां ते वार का 206वां दिन: पंजाब पुलिस की 613 स्थानों पर छापेमारी; 368 काबू
चंडीगढ़, 14 अगस्त:
राज्य में चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 206वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के रूप में चिन्हित और मैप किए गए 613 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’—पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग अभियान पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 206वें दिन पुलिस टीमों ने चार हथियारों सहित 368 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 60,722 हो गई है।
इसके अलावा पुलिस द्वारा 285 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 6 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचना भी इस हेल्पलाइन के माध्यम से साझा की जा सकती है।
इस बीच, पंजाब पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ 531वें दिन भी जारी रहा। आज पुलिस टीमों ने 72 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 4.9 किलोग्राम हेरोइन, 241 नशीली गोलियां और 2,300 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही अभियान के महज 531 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 75,824 हो गई है।
नशामुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 12 व्यक्तियों को नशामुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया। यह पहल नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयासों का हिस्सा है।


