रूपनगर के किसान की बेटी ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में देश भर में पहला रैंक हासिल किया

रूपनगर के किसान की बेटी ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में देश भर में पहला रैंक हासिल किया

चंडीगढ़, 2 जून:

माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एएफपीआई) फॉर गर्ल्स, मोहाली की दो महिला कैडेटों ने दृढ़ता और साहस का शानदार प्रदर्शन किया है। महिला कैडेट महकप्रीत कौर ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट लिस्ट में देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि महिला कैडेट कोमलप्रीत कौर ने प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए), खड़कवासला में दाखिले के लिए देश भर में 18वां रैंक हासिल किया है।

संस्था के सिद्धांत ‘शुभ कर्मन ते कबहूं न टरों’ पर खरा उतरते हुए इन कैडेटों ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। दोनों महिला कैडेट साधारण पृष्ठभूमि से संबंधित हैं। महकप्रीत कौर रूपनगर के गांव पपराली की किसान श्री अमरजीत सिंह और रूपिंदर कौर की बेटी हैं, जबकि कोमलप्रीत कौर अमृतसर के गांव शहूरा की गुरमीत सिंह और बलजीत कौर की बेटी हैं। कोमलप्रीत कौर के पिता भारतीय सेना में हवलदार हैं।

दोनों महिला कैडेटों को बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि उनकी सफलता एक नए, महत्वाकांक्षी पंजाब के दृष्टिकोण को दर्शाती है। महकप्रीत और कोमलप्रीत ने न सिर्फ भारत की सबसे कठिन रक्षा परीक्षाएं पास की हैं, बल्कि उन्होंने छोटे कस्बों और गांवों से आने वाली पंजाब की हर बेटी में अपने सपनों को साकार करने का नया जोश भर दिया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 2023 में माई भागो एएफपीआई में लड़कियों के लिए एक एनडीए प्रिपरेटरी विंग भी स्थापित किया गया था।

इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए माई भागो एएफपीआई के डायरेक्टर मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू, ए.वी.एस.एम. (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रक्षा सेवाओं में महिलाओं के लिए न- मात्र पदों के विरुद्ध ऑल इंडिया रैंक हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। महकप्रीत और कोमलप्रीत की इस सफलता ने सशस्त्र बलों में राज्य की अन्य लड़कियों को भेजने संबंधी राज्य सरकार के प्रयासों को बड़ा प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने दोनों कैडेटों को देश की सेवा में सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।