डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर आरटीओ ने स्कूल बसों की विशेष जांच का चलाया अभियान
होशियारपुर, 13 फरवरी:
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों के तहत जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण द्वारा जिले में स्कूल बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ‘सेफ स्कूल वाहन स्कीम’ के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे।
आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों की बसों की गहन जांच की गई, जिसमें बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट, ड्राइवरों के लाइसेंस, कंडक्टर की उपस्थिति, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे तथा जीपीएस सिस्टम आदि की जांच की गई। जिन वाहनों में नियमों की अनदेखी पाई गई, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों को ‘सेफ स्कूल वाहन स्कीम’ के अनुरूप रखें तथा समय-समय पर निर्धारित मानकों की जांच सुनिश्चित करें।


