पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने सी.जे.पी. स्वयंसेवकों पर हुए हिंसक हमले के मामले में राजस्थान के मुख्यमंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की
चंडीगढ़, 21 अगस्त:
पंजाब विधानसभा के स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवां ने जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा में काकरोच जनता पार्टी (सी.जे.पी.) के सह-संयोजक आशुतोष रंका तथा उनके साथ आए स्वयंसेवकों पर कथित हमले की रिपोर्टों के बाद आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने तथा घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय सरकारी स्कूल के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करने के लिए जा रहे सी.जे.पी. के स्वयंसेवकों के वाहनों को कथित तौर पर रोका गया और उनमें तोड़फोड़ की गई, जिसके परिणामस्वरूप कई लोग घायल भी हुए। सी.जे.पी. नेताओं ने सार्वजनिक रूप से हुई इस तोड़फोड़ के लिए राजनीतिक विरोधियों को जिम्मेदार ठहराया है तथा इनफ़ोर्समेंट अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
विधानसभा स्पीकर संधवां ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना और राजनीतिक हिंसा से जुड़ी रिपोर्टों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सार्वजनिक व्यवस्था, लोकतांत्रिक भागीदारी तथा जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “आपसी और राजनीतिक मतभेदों का समाधान रचनात्मक संवाद और कानूनी तरीकों के माध्यम से किया जाना चाहिए। शारीरिक हिंसा अथवा संपत्ति में तोड़फोड़ लोकतांत्रिक सिद्धांतों को कमजोर करती है।”
विधानसभा स्पीकर ने संबंधित राज्य अधिकारियों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों से तथ्यों को स्थापित करने तथा कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मामले की पूर्ण एवं निष्पक्ष जांच करवाने की अपील की।


