विधायक डॉ. इशांक कुमार ने विकास कार्यों व कल्याणकारी योजनाओं की की समीक्षा
होशियारपुर, 21 अगस्त: विधायक डॉ. इशांक कुमार ने चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास प्रोजेक्ट्स के काम की रफ्तार और तेज करने तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक हर लाभार्थी तक पहुंचाने की हिदायत की।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन की मौजूदगी में विधायक डॉ. इशांक कुमार ने शिक्षा क्षेत्र, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा मंजूर हो चुके कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विधायक को बताया कि पांच शिक्षा ब्लॉकों के कुल 19,772 विद्यार्थियों को मुफ्त वर्दियां मुहैया करवाई गई हैं और इस उपक्रम के तहत कुल 1.18 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई है। डॉ. इशांक कुमार को यह भी जानकारी दी गई कि स्कूल ऑफ हैप्पीनेस पहल के तहत मोना कलां, पट्टी, महिणा और चब्बेवाल के चार सरकारी प्राथमिक स्कूलों का चयन किया गया है। प्रत्येक स्कूल को 10 लाख रुपए की ग्रांट दी गई है, जिससे कुल 40 लाख रुपए की राशि आवंटित की गई है। उन्होंने आगे बताया कि 2025-26 के रिपेयर और मेंटेनेंस प्रोग्राम के तहत 10 सरकारी प्राथमिक स्कूलों के लिए लगभग 18.73 लाख रुपए के सिविल कार्य मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा 25 सरकारी प्राथमिक स्कूलों में नई चारदीवारी बनाने के लिए भी चयन किया गया है, जिसके लिए 87.45 लाख रुपए की राशि आवंटित की गई है। विधायक ने अधिकारियों को इन कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय के अंदर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. इशांक कुमार ने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लागू करने की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत 28,083 लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है, जिनमें 17,425 लाभार्थी बुढ़ापा पेंशन, 6,656 लाभार्थी विधवाओं और बेसहारा महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता, 1,434 लाभार्थी आश्रित बच्चों के लिए वित्तीय सहायता और 2,568 लाभार्थी दिव्यांग व्यक्तियों के लिए वित्तीय सहायता के तहत लाभ प्राप्त कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि योग्य लाभार्थियों को लाभ प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की मुश्किल नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत की कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि समीक्षा का मुख्य उद्देश्य विकास प्रोजेक्ट्स और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी लागू करने को सुनिश्चित करना तथा उनमें आ रही रुकावटों की पहचान करके उपयुक्त हल करना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करवाए जाने चाहिए और हर योग्य निवासी तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक देरी के पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। मीटिंग में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार मीना और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


