सड़क निर्माण कार्य से क्षेत्र का होगा सर्वांगीण विकास: ब्रम शंकर ज़िम्पा
होशियारपुर, 30 मार्च:
विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने सोमवार को बिलासपुर-सिंहपुर सड़क से बजवाड़ा-बुल्लावाड़ी तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया। इस परियोजना पर करीब 295.36 लाख रुपए की लागत आएगी, जिसके तहत लगभग 7.69 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
विधायक ज़िम्पा ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और ग्रामीण इलाकों का शहर के साथ संपर्क और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि गांव बजवाड़ा में विशेष रूप से 400 मीटर लंबी कंक्रीट सड़क भी बनाई जा रही है, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि गांव बजवाड़ा से लेकर बिलासपुर और नंगल शहीदा तक सड़क की चौड़ाई को 10 से 14 फीट तक बढ़ाया जा रहा है, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक ज़िम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सड़कों का निर्माण एवं सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, पार्षद नरिंदर कौर, मंजीत सिंह, भजन सिंह, जिला परिषद सदस्य कुलजीत सिंह, राजन प्रदीप, विजय अग्रवाल, बरिंदर वैद और सुमेश सोनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।


