5 अक्टूबर 2026 को ‘समाधान कैंप’ के माध्यम से लोगों की लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाएगा: एस.एस.पी. हरकमलप्रीत सिंह खख

5 अक्टूबर 2026 को ‘समाधान कैंप’ के माध्यम से लोगों की लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाएगा: एस.एस.पी. हरकमलप्रीत सिंह खख

मालेरकोटला, 4 अक्टूबर:

जिला मालेरकोटला पुलिस द्वारा लोगों की लंबित शिकायतों का समय पर और पारदर्शी ढंग से निपटारा सुनिश्चित करने के लिए 5 अक्टूबर 2026 को ‘समाधान कैंप’ लगाए जा रहे हैं। ये कैंप पुलिस लाइन मालेरकोटला, सब-डिवीजन अहमदगढ़ और सब-डिवीजन अमरगढ़ में लगाए जाएंगे। मालेरकोटला में मुख्य कैंप सुबह 10:00 बजे पुलिस लाइन में आयोजित किया जाएगा।

एस.एस.पी. मालेरकोटला हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि लोगों से सीधे संपर्क के दौरान यह महसूस हुआ कि कई बार नागरिकों को अपनी एक शिकायत के समाधान के लिए थाने से लेकर एस.एच.ओ., डी.एस.पी. और एस.पी. स्तर तक बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस परेशानी को कम करने के लिए ‘समाधान कैंप’ एक विशेष पहल है।

उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि लोग अपनी समस्या लेकर एक ही स्थान पर आएं और उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कैंप में संबंधित ए.एस.आई., एस.एच.ओ., डी.एस.पी., एस.पी. और मैं स्वयं मौजूद रहूंगा। जिस स्तर पर निर्णय की आवश्यकता होगी, वहीं पर मिलकर कार्रवाई की जाएगी।”

एस.एस.पी. ने बताया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों के लिए महिला सेल, जबकि पैसों के लेन-देन, ट्रैवल एजेंटों और अन्य विशेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों की अलग-अलग डेस्क लगाई जाएंगी।

उन्होंने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा, “आपकी समस्या हमारे लिए सिर्फ एक शिकायत नहीं है। इसके पीछे किसी परिवार की चिंता, किसी व्यक्ति की उम्मीद और न्याय की आस होती है। इसलिए अपनी बात हम तक जरूर पहुंचाएं। हम आपको सुनने और आपकी जायज समस्या का समाधान करने के लिए आपके साथ खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा, विश्वास और न्याय की भावना पैदा करना है।

“आपकी समस्या — हमारा समाधान” के संदेश के साथ मालेरकोटला पुलिस ने जिलेवासियों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।