मोहिंदर भगत ने आलू उत्पादकों और कोल्ड स्टोरेज मालिकों की समस्याएं सुनीं, हर संभव सहायता करने का दिया भरोसा
चंडीगढ़, 21 मई
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी हर समस्या का उचित समाधान करने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आज बागवानी मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने पंजाब भवन, चंडीगढ़ में आलू उत्पादकों और कोल्ड स्टोरेज मालिकों के साथ विशेष बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर बागवानी विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री लतीफ अहमद और निदेशक श्री मनीष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आलू उत्पादकों और कोल्ड स्टोरेज मालिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से बागवानी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आलू की फसल को स्टोर करने के लिए कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने और उनके रख-रखाव हेतु सुविधाएं दी जा रही हैं, लेकिन पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना आवश्यक है।
इस मौके पर मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने आलू उत्पादकों और कोल्ड स्टोरेज मालिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के किसानों की आय बढ़ाने और उनकी हर समस्या का उचित समाधान करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि बुनियादी ढांचा फंड और अन्य योजनाओं के माध्यम से कोल्ड स्टोरेज, गोदाम और पैकिंग यूनिटों को मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री श्री भगत ने आलू उत्पादकों और कोल्ड स्टोरेज मालिकों को आ रही समस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे किसानों के साथ व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित करें और पूरी रिपोर्ट तैयार करें। इस मौके पर अधिकारियों ने मंत्री को हर कार्य समय पर पूरा करने का भरोसा दिया।


