शांति नगर में नए ट्यूबवेल के कार्य का विधायक जिम्पा ने कराया शुभारंभ
होशियारपुर, 15 जून : लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने शांति नगर में नए ट्यूबवेल के निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय निवासियों राम लाल और ऊषा देवी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए ट्यूबवेल के लिए अपनी भूमि दान की है।
विधायक जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले शांति नगर में लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से पानी की टंकी, ट्यूबवेल तथा सोलर सिस्टम स्थापित किया गया था, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और पानी की बढ़ती मांग के कारण कुछ स्थानों पर पेयजल की कमी की समस्या सामने आई है। लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नए ट्यूबवेल का कार्य शुरू करवाया गया है, जिसके पूरा होने के बाद शांति नगर के निवासियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक जिम्पा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए ट्यूबवेल के शुरू होने से शांति नगर में पानी की कमी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
इस दौरान गांव के सरपंच जस्सी, संदीप चेची के अलावा अन्य लोगों ने भी विधायक जिम्पा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रयास से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।


