लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की

लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की


होशियारपुर, 22 अप्रैल:
लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी (दिशा) की बैठक के दौरान जिले में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने और उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित इस बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी, विधायक ब्रम शंकर जिंपा, विधायक जसवीर सिंह राजा गिल, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में डॉ. चब्बेवाल ने करीब 40 विकास एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

लोकसभा सदस्य ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न होने पर जोर देते हुए कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए हर पात्र लाभार्थी तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए ताकि आम लोगों को इनका वास्तविक फायदा मिल सके।

सांसद डॉ. चब्बेवाल ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए समय रहते सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंडी क्षेत्र अक्सर बाढ़ से प्रभावित होता है, इसलिए पहले से उचित इंतजाम किए जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को पक्के मकान निर्माण हेतु आवश्यक वित्तीय सहायता प्राथमिकता के आधार पर तीन किश्तों में जारी की जाए।

एमपी लैड योजना के तहत आवंटित 140 कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए डॉ. चब्बेवाल ने पूर्ण हो चुके कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ब्रम शंकर जिंपा द्वारा ऊना रोड की स्थिति सुधारने का मुद्दा उठाए जाने पर उन्होंने एनएचएआई, वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल से इस सड़क को बेहतर रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह द्वारा होशियारपुर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज की स्थिति पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और अगले दो वर्षों में पूरा होने की संभावना है।

लोकसभा सदस्य डॉ. चब्बेवाल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत टांडा से ढोलबाहा रोड, सहोड़ा कंडी से गढ़दीवाला-रघवाल रोड से पंडोरी अटवाल, तलवाड़ा-मुबारकपुर रोड से हाजीपुर ढोलबाहा रोड वाया बरिंगली, बैड़िंग, बही खुशहाला के अलावा एनएच-44 से मुकेरियां वाया हियातपुर-सिबोचक्क तथा हरदोखुंदपुर-फिरोजपुर से घसीटपुर सड़क मार्गों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, कृषि विकास योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, बच्चों के विकास एवं पोषण अभियान, राष्ट्रीय बागवानी मिशन, रोजगार सृजन योजना, कंडी कैनाल परियोजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा तथा नेशनल हाईवे परियोजनाओं की भी समीक्षा की।

डॉ. चब्बेवाल ने पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना और मावां-धियां सत्कार योजना पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जिले में जल्द ही मावां-धियां सत्कार योजना के तहत पंजीकरण शुरू किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने स्वानिधि योजना के तहत बेघर लोगों के लिए आवास निर्माण हेतु समय-समय पर आवश्यक धनराशि जारी करने तथा सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गांवों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की।

कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे विकास कार्यों की निरंतर निगरानी करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने गढ़शंकर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि जनहित के प्रोजेक्टों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुविधाएं मिल सकें।

विधायक जसवीर सिंह राजा गिल ने टांडा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन गुरबिंदर सिंह पाबला, जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर निधि कुमुद बंबाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।