आम आदमी क्लीनिक मरीज फीडबैक में होशियारपुर जिले का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

आम आदमी क्लीनिक मरीज फीडबैक में होशियारपुर जिले का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

होशियारपुर, 18 फरवरी:
स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते होशियारपुर जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डॉ. बलबीर सिंह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, पंजाब की ओर से चंडीगढ़ में आयोजित सिविल सर्जन एवं डिप्टी मेडिकल कमिश्नर की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस के दौरान होशियारपुर जिले को आम आदमी क्लीनिक मरीज फीडबैक में पूरे पंजाब में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान होशियारपुर के एक्टिंग सिविल सर्जन एवं आम आदमी क्लीनिक के नोडल अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग ने प्राप्त किया।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के स्वास्थ्य ढांचे की मजबूती, टीमवर्क और जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जिले की सामूहिक मेहनत का परिणाम है और भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने विशेष रूप से एक्टिंग सिविल सर्जन एवं नोडल अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व, समन्वय क्षमता और सेवा-भावना के कारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. गर्ग बतौर नोडल अधिकारी एवं एक्टिंग सिविल सर्जन अत्यंत समर्पण, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही हैं, जो अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिले में संचालित 74 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रत्येक क्लीनिक में मेडिकल ऑफिसर, फार्मेसी ऑफिसर, क्लिनिकल असिस्टेंट तथा सहायक स्टाफ तैनात है। यहां आवश्यक जांचें और 102 प्रकार की दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं।

उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिक से उपचार लेने के बाद मरीजों का डेटा कॉल सेंटर टीम के साथ साझा किया जाता है, जो मरीजों से संपर्क कर यह सुनिश्चित करती है कि उन्हें दवाइयां मिलीं या नहीं, डॉक्टर के व्यवहार से वे संतुष्ट हैं या नहीं, आवश्यक टेस्ट हुए या नहीं तथा स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक है या नहीं।

एक्टिंग सिविल सर्जन एवं आम आदमी क्लीनिक के नोडल अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड तथा लेवल-2 स्कैन पैनल में शामिल अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर पूरी तरह नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।