पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में 'पोषण वाटिका' स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

 पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में 'पोषण वाटिका' स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

चंडीगढ़/बठिंडा, 30 जून:

 पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में 'पोषण वाटिका' स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी सरकारी प्राथमिक विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में शीघ्र पोषण वाटिकाएं विकसित की जाएं। इन वाटिकाओं में मौसमी सब्जियां, फलदार पौधे तथा औषधीय पौधों का रोपण किया जाए, ताकि बच्चों को मिड-डे मील और आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को संतुलित एवं पोषक आहार मिलेगा, साथ ही उनमें खेती और प्रकृति के प्रति लगाव भी विकसित होगा।

बाल मुकंद शर्मा ने विभिन्न स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मिड-डे मील एवं पोषण आहार की गुणवत्ता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बच्चों को कुपोषण से बचाकर स्वस्थ पंजाब के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने के लिए स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, वन तथा अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाए, ताकि इस अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सके।

इस अवसर पर चेयरमैन ने स्वास्थ्य विभाग को यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों में मिड-डे मील तैयार करने वाले रसोइयों तथा अन्य कर्मचारियों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल चेकअप) सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) गुरप्रीत सिंह थिंद, सहायक आयुक्त (जनरल) गुरजिंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।