संगरूर ज़िले के 49 पुलिस कर्मचारियों को डी.जी.पी. डिस्क, 2 को प्रशंसा पत्र, 233 को सीसी-1 प्रमाणपत्र और ₹3,49,500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान

संगरूर ज़िले के 49 पुलिस कर्मचारियों को डी.जी.पी. डिस्क, 2 को प्रशंसा पत्र, 233 को सीसी-1 प्रमाणपत्र और ₹3,49,500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान


संगरूर, 8 दिसंबर:

पंजाब के डी.जी.पी. श्री गौरव यादव ने संगरूर ज़िले में विभिन्न पदों पर तैनात 49 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए डी.जी.पी. डिस्क प्रदान की है। आज पटियाला रेंज के डी.आई.जी. कुलदीप सिंह चाहल ने संगरूर पुलिस लाइन में आयोजित प्रभावशाली समारोह में इन पुलिस कर्मियों को डी.जी.पी. डिस्क लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर 2 प्रशंसा पत्र, 233 सीसी-1 प्रमाणपत्र और ₹3,49,500 की नकद पुरस्कार राशि भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए डी.आई.जी. पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चाहल ने कहा कि पंजाब पुलिस देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस फोर्सों में से एक है। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने हर संकट की घड़ी में अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है और वर्तमान समय में नशे के ख़ात्मे की चुनौती को गंभीरता से लेते हुए एक बड़े अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को सफलतापूर्वक अंजाम तक पहुंचाने के लिए पुलिस विभाग का प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपना पूर्ण योगदान दे, ताकि इस बुराई को राज्य से पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

डी.आई.जी. चाहल ने डी.जी.पी. डिस्क, प्रशंसा पत्र, सीसी-1 प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्राप्त करने वाले संगरूर ज़िले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके उत्कृष्ट कार्य की पहचान है, बल्कि अन्य पुलिस कर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने एस.एस.पी. संगरूर, सरताज सिंह चाहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा लोगों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है, जो सराहनीय है।

इस अवसर पर एस.एस.पी. सरताज सिंह चाहल ने जिला पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि 22 नवंबर 2023 से अब तक संगरूर पुलिस ने एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत 23 तस्करों की कुल ₹3 करोड़ 93 लाख 60 हज़ार रुपये मूल्य की संपत्ति को फ्रीज़ करवाया है। उन्होंने बताया कि नशा-विरोधी अभियान के तहत बड़े स्तर पर नशा तस्करों की गिरफ्तारी और सप्लाई चेन को तोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पहले भी सम्मानित किया जाता रहा है, आज भी यह सिलसिला जारी है और भविष्य में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह का मंच संचालन डी.एस.पी. सुखदेव सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर एस.पी. नवरीत सिंह विरक, एस.पी. राजेश छिब्बर सहित ज़िले के सभी डी.एस.पी. और एस.एच.ओ. उपस्थित रहे। 

Advertisement