‘गैंगस्टरां ते वार’ का 150वां दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 558 स्थानों पर छापेमारी, 300 गिरफ्तार
चंडीगढ़, 19 जून:
राज्य में चलाए जा रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 150वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 558 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू किया गया एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
150वें दिन पुलिस टीमों ने एक हथियार सहित 300 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 38,390 हो गई है।
इसके अलावा 118 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि एक व्यक्ति को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 8 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं भी साझा कर सकते हैं।
पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के 475वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए आज 57 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 97 ग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम भुक्की, 276 नशीली गोलियां तथा 1.03 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 475 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 68,981 हो गई है। नशामुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 7 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी प्रेरित किया।


