पंजाब की तकनीकी शिक्षा में ऐतिहासिक बदलाव; भगवंत मान सरकार विद्यार्थियों को कुशल बनाने के लिए दिला रही है औद्योगिक क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव
चंडीगढ़, 11 नवंबर 2026:
भगवंत मान सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी विद्यार्थी अपने करियर के निर्माण के लिए आवश्यक औद्योगिक अनुभव हासिल करने से वंचित न रहे। 'पंजाब शिक्षा क्रांति' के तहत सरकार द्वारा पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों को चार महीने की औद्योगिक इंटर्नशिप के दौरान वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इससे उन्हें व्यावहारिक कौशल सीखने और भविष्य में रोजगार प्राप्त करने के लिए स्वयं को सक्षम बनाने में मदद मिलेगी।
इस पहल के तहत 1,700 विद्यार्थियों को चार महीने तक प्रतिमाह 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों की पारिवारिक आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। यह योजना छह डिप्लोमा स्ट्रीम के वर्ष 2024-27 बैच के छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों पर लागू होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी बिना किसी आर्थिक बाधा के औद्योगिक क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "हर युवा को अपनी शिक्षा को एक सार्थक करियर में बदलने का अवसर मिलना चाहिए। 'पंजाब शिक्षा क्रांति' के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं कि सरकारी संस्थान विद्यार्थियों को केवल डिग्रियां ही प्रदान न करें, बल्कि उन्हें ऐसे कौशल और अनुभव से भी लैस करें, जो जीवन में सफलता हासिल करने के लिए आवश्यक हैं। पंजाब में पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई यह अपनी तरह की पहली पहल है। इसके माध्यम से हमारे युवाओं को उस महत्वपूर्ण समय में आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है, जब वे कक्षाओं से निकलकर कार्यक्षेत्र की दुनिया में कदम रखते हैं और अपने भविष्य का निर्माण करते हैं।"
तकनीकी शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, "औद्योगिक प्रशिक्षण वह महत्वपूर्ण चरण है, जहां विद्यार्थी कक्षाओं में सीखी गई जानकारी और सिद्धांतों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों पर लागू करना शुरू करते हैं। इस दौरान 20,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करके हम विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव हासिल करने, औद्योगिक विशेषज्ञों से कौशल सीखने और रोजगार के लिए स्वयं को तैयार करने में सहयोग देना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, उद्योगोन्मुख और पंजाब के युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप बनाना है।"
वित्तीय सहायता से व्यावहारिक प्रशिक्षण और करियर की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने में मिलेगी मदद: पॉलिटेक्निक विद्यार्थी
सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोहाली (खूनीमाजरा) के एक विद्यार्थी ने कहा, "यह वित्तीय सहायता मेरी औद्योगिक ट्रेनिंग के दौरान मेरे लिए बहुत बड़ा सहारा साबित होगी। इससे मुझे अपने कुछ खर्चों का प्रबंधन करने में मदद मिलेगी और मैं नए कौशल सीखने, व्यावहारिक अनुभव हासिल करने तथा यह समझने पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकूंगा कि औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज किस प्रकार होता है। मुझे विश्वास है कि यह अनुभव भविष्य में बेहतर करियर बनाने में मेरी मदद करेगा।"
पहले से अन्य छात्रवृत्तियां प्राप्त कर रहे विद्यार्थी भी ले सकेंगे प्रतिमाह 5,000 रुपये तक की सहायता
जो विद्यार्थी पहले से अपने उद्योग या किसी अन्य स्रोत से छात्रवृत्ति अथवा वित्तीय सहायता प्राप्त कर रहे हैं, वे भी इस योजना के तहत सहायता के पात्र होंगे। यदि उन्हें पहले से मिलने वाली राशि प्रतिमाह 5,000 रुपये से कम है, तो निर्धारित शर्तों के अधीन इस अंतर को पूरा करने के लिए अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी।
यह वित्तीय सहायता प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की भागीदारी और प्रगति के आधार पर दी जाएगी। विद्यार्थियों के लिए प्रतिमाह कम से कम 90 प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखना तथा प्रमाणित उपस्थिति और प्रगति रिपोर्ट जमा करवाना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और निर्धारित 'प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाणपत्र' जमा करवाने के बाद ही अंतिम किस्त जारी की जाएगी।
उद्योगोन्मुख तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए 'पंजाब शिक्षा क्रांति' के तहत प्रमुख पहल
वर्ष 2024-27 बैच के छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए पायलट परियोजना के रूप में लागू की जा रही यह पहल 'पंजाब शिक्षा क्रांति' के तहत तकनीकी शिक्षा को अधिक उद्योगोन्मुख बनाने की दिशा में भगवंत मान सरकार के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सार्थक रोजगार हासिल करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल, आत्मविश्वास और औद्योगिक अनुभव से लैस करना है, ताकि वे शिक्षा पूरी करने के बाद रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।


