विधायक ज़िम्पा ने बहादुरपुर के ठठियारा मोहल्ले में इंटरलॉक गलियों के निर्माण कार्य की करवाई शुरुआत

विधायक ज़िम्पा ने बहादुरपुर के ठठियारा मोहल्ले में इंटरलॉक गलियों के निर्माण कार्य की करवाई शुरुआत

होशियारपुर, 2 अगस्त: विधायक ब्रमशंकर जिम्पा ने बहादुरपुर क्षेत्र में 23 लाख 38 हजार रुपए की लागत से बनने वाली इंटरलॉक गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

विधायक जिम्पा ने बताया कि इस परियोजना के तहत बहादुरपुर के ठठियारा मोहल्ले की सभी गलियों का निर्माण इंटरलॉक टाइलों से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहरों और गांवों में समान रूप से बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में बहादुरपुर में यह विकास कार्य शुरू किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि इंटरलॉक टाइलों से बनने वाली गलियां अधिक टिकाऊ होने के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि करेंगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

विधायक जिम्पा ने कहा कि  होशियारपुर में 45 से अधिक नए ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं तथा 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इसी गति से कार्य जारी रहेंगे।

स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में विकास कार्य शुरू करवाने के लिए विधायक ब्रमशंकर जिम्पा का आभार व्यक्त किया। पार्षद परवीन सैनी ने कहा कि इस परियोजना से ठठियारा मोहल्ले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और उन्हें बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर प्रदीप सैनी, कृष्ण सैनी, विजय तथा कुलदीप कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।