देहरादून में UPL फिनाले से पहले हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का भारी विरोध, मंच से मांगी माफी
देहरादून:
उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL-2026) के तीसरे सीजन के ग्रैंड फिनाले के दौरान देहरादून में जमकर सियासी और सामाजिक घमासान देखने को मिला। रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के लाइव शो को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। स्टेडियम के बाहर प्रदर्शनकारियों ने मासूम शर्मा और धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंच से देवभूमि को प्रणाम कर मांगी माफी
बढ़ते विरोध के बीच जब मासूम शर्मा मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने परफॉर्मेंस शुरू करने से पहले सीधे जनता से संवाद किया। सबसे पहले देवभूमि उत्तराखंड को नमन करते हुए उन्होंने कहा:
"अगर मेरे किसी प्रशंसक या विरोधी को किसी बात को लेकर नाराजगी हुई है, तो मैं इसके लिए दिल से माफी मांगता हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि वे देहरादून आकर उत्तराखंड के लोगों के साथ अपना जुड़ाव महसूस करना चाहते थे और उनका मकसद कभी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं रहा। माफी मांगने के बाद उन्होंने अपने सुपरहिट हरियाणवी गाने 'बोल तेरे मीठे-मीठे, बात तेरी साच्ची लागे...' के साथ परफॉर्मेंस की शुरुआत की।
विवाद की असल वजह
यह पूरा विवाद इसी साल 11 अप्रैल को देहरादून के डीएवी (DAV) पीजी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम से शुरू हुआ था। आरोप है कि उस शो के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद उनके खिलाफ पुलिस में केस भी दर्ज कराया गया था।
यूकेडी नेता लुशुन टडोरिया ने सरकार और आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय और सांस्कृतिक कलाकारों की अनदेखी की जा रही है, जबकि विवादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले बाहरी कलाकारों को मोटी रकम देकर बुलाया जा रहा है।
.png)
UPL 2026 के फिनाले में फ्री एंट्री
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) की ओर से 1 अक्टूबर को आयोजित इस फाइनल मुकाबले के लिए दर्शकों को मुफ्त प्रवेश दिया गया था। फाइनल मैच के दौरान मासूम शर्मा और प्रांजल दहिया का लाइव शो शेड्यूल था, जिसे लेकर शहर में दिनभर तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा।


